श्रावस्ती। एसएसबी 62वीं वाहिनी भिनगा की ओर से सीमा चौकी गुज्जर गौरी क्षेत्र के भचकाह गांव में गुरुवार को ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों की बैठक हुई। जिसमें वन विभाग के कर्मचारी व ग्राम पंचायत सदस्य व शिक्षक भी मौजूद रहे। बैठक में द्वितीय कमान अधिकारी संदीप कुमार जेटली ने उपस्थित लोगों की समस्याओं को सुना। साथ ही उन्होंने एसएसबी की ओर से की जा रही गश्त सहित सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि नेपाल से आने जाने में कोई समस्या न हो इसके लिए जिले की सीमा में भंसार बनाने की मांग की गई। इस मौके पर द्वितीय कमान अधिकारी ने ग्रामीणों को स्वच्छ भारत अभियान के बारे में जानकारी देते हुए अपने गांव व आसपास के क्षेत्र में सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही लोगों को नशा मुक्ति के बारे में जागरूक करते हुए इससे होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में बताया। बैठक में सीमा चौकी के निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक गुरबचन सिंह, नरेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी अवधेश कुमार सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद