श्रावस्ती। भिनगा तहसील क्षेत्र के गांव सिटकहना के मजरा गडरा निवासी एक महिला ने अभिलेखों में हेरफेर कर पहले भूमि का बैनामा कराया। बाद में उसका दाखिल खारिज करा लिया। एक अन्य व्यक्ति के आपत्ति किए जाने पर दाखिल खारिज का आदेश वापस हो गया। शिकायत के बाद एसडीएम के निर्देश पर रजिस्ट्रार कानूनगो ने जालसाज महिला के विरुद्ध भिनगा कोतवाली में मामला दर्ज कराया है।
सदर तहसील भिनगा की मजरा गडरा निवासी आशिया पत्नी ने संभारपुरवा के मजरा भुजंग निवासी अनवर अली से एक भूमि का बैनामा कराया था। विक्रेता संक्रमणीय भूमिधर नहीं था। महिला ने भूमि के नजरी नक्शा के आधार पर न सिर्फ बैनामा कराया बल्कि असंक्रमणीय के स्थान पर खतौनी में संक्रमणीय दिखा कर दाखिल खारिज करा लिया।
भिनगा के मोहल्ला हनुमानगढ़ी निवासी प्रमोद कुमार तिवारी ने न्यायालय में आपत्ति दाखिल की थी। जिसका संज्ञान लेते हुए न्यायालय ने दाखिल खारिज का आदेश वापस ले लिया। बाद में इसकी शिकायत एसडीएम भिनगा प्रवेंद्र कुमार से की गई थी। उन्होंने जांच कराकर रजिस्ट्रार कानूनगों नंद किशोर पांडे को आशिया के विरुद्ध मामला दर्ज कराने का निर्देश दिया था। रजिस्ट्रार कानूनगो की तहरीर पर भिनगा कोतवाली पुलिस ने महिला के विरुद्ध जालसाजी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद