रुपईडीहा। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने सोमवार रात अभियान चलाया। गश्त के दौरान पिलर संख्या 651/2 के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। एसएसबी जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 51 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी की पहचान चांद बाबू निवासी चितवन मोहल्ला, थाना रुपईडीहा के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। थाना प्रभारी हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।