सहायक संभागीय परिवहन विभाग की टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रूपईडीहा(बहराइच)। रूपईडीहा-नानपारा मार्ग पर रविवार को सहायक संभागीय परिवहन विभाग की टीम की ओर से अवैध वाहनों के खिलाफ चलाया गया। इस दौरान टीम ने तीन बस व छह ट्रक को सीज कर पांच लाख 25 हजार का जुर्माना ठोंका गया।
रूपईडीहा-नानपारा मार्ग पर रविवार को एआरटीओ प्रवर्तन ओपी सिंह की अगुवाई में विभाग की टीम ने अवैध तरीके से सडक़ों पर फर्राटे भर रहे यात्री व भार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने नानपारा रोड से एक और रूपईडीहा दो बसों को फिटनेस व कागजों के आभाव में सीज कर रूपईडीहा रोडवेज बस अड्डे पर खड़ा कर दिया। टीम ने अभियान के दौरान नानपारा रोड पर तीन ट्रकों को भी ओवरलाडिंग व कागजों के आभाव में सीज किया है।
एआरटीओ प्रवर्तन ओपी सिंह ने बताया कि रविवार को चलाए गए अभियान में तीन बस और तीन ट्रकों को विभिन्न खामियों के चलते सीज किया गया है। उन्होंने बताया कि तीन बस संचालकों पर तीन लाख और तीन ट्रक संचालकों पर दो लाख 25 हजार का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान आगे भी चलता रहेगा। इस दौरान वाहनों का संचालन मानकों के अनुरूप संचालित होता पाया गया, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।