बहराइच। नंद बाबा गोकुल मिशन योजना के तहत नंदनी कृषक समृद्धि और मिनी नंदनी कृषक योजना के लाभार्थियों के चयन हेतु बुधवार को ई-लाटरी कराई गई। मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में यह प्रक्रिया हुई। इसमें तीन महिला और तीन पुरुष लाभार्थी चुने गए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि नंदनी कृषक समृद्धि योजना में 10 स्वदेशी नस्ल की गायों के लिए जिले को छह लाभार्थियों का लक्ष्य मिला था। इसके लिए 378 आवेदन मिले थे। जांच के बाद 158 आवेदक पात्र मिले। ई-लाटरी से छह लाभार्थियों का चयन हुआ। चयनितों के अतिरिक्त 152 पात्र आवेदकों की प्रतीक्षा सूची भी बनी है। शासन के दिशा-निर्देशों पर इन्हें भी आगे योजना का लाभ मिल सकता है। लीड बैंक प्रबंधक जितेंद्र मसंद और डीडीएम नाबार्ड कैलाश जोशी भी उपस्थित थे।