इकौना (श्रावस्ती)। कस्बे में बृहस्पतिवार देर शाम गारमेंट व्यवसायी के पुत्र ने दुकान के पास खड़े युवक को दुकान के पीछे बुलाकर चाकू मार दिया। इससे वह घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी इकौना पहुंचाया, जहां से उसे मेडिकल काॅलेज बहराइच रेफर कर दिया गया है।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम इटवरिया निवासी सुशील कुमार अवस्थी (38) पुत्र करिंगन प्रसाद सब्जी मंडी के आसपास की दुकानों पर अक्सर बैठता था। देर शाम वह सब्जी मंडी के सामने स्थित गारमेंट व्यवसायी दिलीप कुमार गुप्ता की दुकान के सामने बैठा था। तभी वहां पहुंचे दिलीप कुमार गुप्ता के पुत्र रौनक ने उसे दुकान के पीछे लाल कोठी के अंदर बुलाया। जहां रौनक ने सुशील कुमार अवस्थी के पेट में चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
आसपास के दुकानदारों ने उसे ई रिक्शा से गंभीर हालत में सीएचसी इकौना पहुंचाया। जहां से चिकित्सक ने हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया है। मौके पर पहुंची इकौना पुलिस ने सुशील से चाकू अपने कब्जे में ले लिया है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक इकौना राकेश कुमार सिंह का कहना है कि अभी पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिली तो मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा। संवाद