मटेरा (बहराइच)। सरकारी स्कूलों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भले ही कई ठोस उपाय किए जा रहे हो, लेकिन विद्यार्थियों की सुरक्षा की ओर किसी का ध्यान नहीं है। शिवपुर ब्लॉक के दो ऐसे विद्यालय हैं, जहां 32 माह बीतने के बाद भी अग्निशमन यंत्रों की रिफिल नहीं कराई गई है। ऐसे में एक छोटी सी चिनगारी विद्यार्थियों की जान पर भारी पड़ सकती है।
शिवपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत असवा मोहम्मदपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय गुरगुजपुरवा में दो अग्निशमन यंत्र हैं। सोमवार को अमर उजाला ने पड़ताल किया। प्रधानाध्यापक मनोज मिश्रा ने बताया कि 6 अक्टूबर 2020 को अग्निशमन यंत्र रिफिलिंग कराई गई थी। इसके बाद रिफलिंग नहीं हुई है। विकासखंड शिवपुर के ही प्राथमिक विद्यालय में बघौली में भी दो अग्निशमन यंत्र हैं।
यहां भी 6 अक्टूबर 2020 को रिफिलिंग कराई गई थी। 32 महीने बीत गए गए, लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। ऐसे में यदि कभी आग लगने की घटना हुई, तो बड़ा हादसा हो सकता है।
विद्यालयों में लगे अग्निशमन यंत्रों की हर वर्ष रिफिलिंग कराई जानी चाहिए। बहुत जल्द सभी विद्यालयों के अग्निशमन यंत्रों की रिफलिंग कराई जाएगी।
- जगन्नाथ यादव, खंड शिक्षाधिकारी शिवपुर