बहराइच। नगर पालिका क्षेत्र की जर्जर सड़कों पर पैदल चलना भी दुश्वार है। सड़कें खस्ताहाल हैं। अमृत पेयजल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए ठेकेदारों ने सड़कों को खोदा पर मरम्मत के नाम पर महज मिट्टी पाटकर खानापूर्ति कर दी। सड़क का निर्माण नहीं कराया। ऐसे में जर्जर सड़कों पर बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। अब बारिश में सड़कों पर गड्ढे जानलेवा हो सकते हैं।
सदर नगर पालिका क्षेत्र में मौजूदा समय 34 वार्ड आते है। करीब तीन वर्ष पूर्व शहरवासियों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए अमृत पेयजल योजना के तहत जल निगम के ठेकेदारों द्वारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया था। पाइप लाइन बिछाने के लिए ठेकेदारों की ओर से सड़कें खोदी गई थीं। लेकिन पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत कराने में घोर लापरवाही की गई। हालात यह है कि पानी टंकी से छोटीबाजार की ओर से जाने वाला मार्ग पूरी तरह तरह से जर्जर हो गया है।
मार्ग के कई स्थान गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। शहर के कई मोहल्लों की भी सड़कों का बुरा हाल है। इन बदहाल सड़कों पर बाइक चलाना तो दूर, पैदल चलना भी दूभर है। सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भरने से बाइक सवार गिरकर जख्मी हो रहे हैं। जर्जर सड़कों पर बाइक भी क्षतिग्रस्त हो रही है।
इन सड़कों का बुरा हाल
पानी टंकी चौराहे से छोटी बाजार जाने वाला मार्ग, खत्रीपुरा से दीवानी कचहरी तक जाने वाला मार्ग, एसपी आफिस से नाजिरपुरा जाने वाला मार्ग के साथ शहर के अकबरपुरा, शखैयापुरा, मेवातीपुरा, बड़ीहाट, धनकुट्टीपुरा, जोशियापुरा, खत्रीपुरा, दीवानी कचहरी के सामने, मीराखेलपुरा, बशीरगंज, डपालीपुरवा, चांदमारी, नौवागढ़ी समेत ऐसे कई मोहल्ले है, जहां की सड़कों का काफी बुरा है। बरसात के समय इन सड़कों पर पैदल चलना भी दूभर हो जाता है।
जलनिगम को भेजा गया पत्र
जल निगम के अधिकारियों को पत्र लिखकर अमृत पेयजल योजना के तहत जहां-जहां सड़कों को खोदी गई थी, सभी सड़कों की मरम्मत कराने को कहा गया है। जलनिगम की ओर से ठेकेदारों द्वारा सड़कों की मरम्मत का कार्य भी प्रारंभ करा दिया है। मुख्य मार्ग पर मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। शेष बचे हुए मार्गों पर भी शीघ्र कार्य पूरा करा दिया जाएगा।
- बालमुकुंद मिश्रा, ईओ नगर पालिका परिषद
सड़कों का बुरा हाल
शहर की सड़कों का सबसे बुरा हाल है। सड़कों की मरम्मत कराने की आवश्यकता है लेकिन जिम्मेदार चुप्पी साधे हैं। जिम्मेदारों की चुप्पी के चलते जर्जर हो चुकी शहर की ज्यादातर सड़कों पर पैदल चलना मुश्किल है।
- गंगा विष्णु साहू, निवासी धनकुट्टीपुरा
आखिर कब होगी मरम्मत
शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के नाम पर शहर की सभी सड़कों को उजाड़ दिया गया था। नगरवासियों को न ही शुद्ध पेयजल ही उपलब्ध हो सका है और न ही उजड़ी सड़कों के मरम्मत का कार्य। सड़कों की मरम्मत कब होगी, इसका जवाब जिम्मेदार अधिकारी नहीं दे रहे हैं।
- उस्मान अली, निवासी शखैयापुरा
अधिकारियों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
जब से शहर में अमृत पेयजल योजना के नाम पर सड़कों को खोदने का कार्य शुरू हुआ था, तब से ठेकेदारों द्वारा कई बार सड़कों को उजाड़ा गया। लेकिन सड़कों की मरम्मत कराने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति ही की गई। मामले में अधिकारियों की चुप्पी भी कई सवाल उठने लगा है।
- अमन, निवासी अकबरपुरा