बहराइच। शहर की प्रमुख सड़क चौड़ी की जाएगी। करीब चार किलोमीटर तक सड़क चौड़ी करने पर 37 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे शहर में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और आवागमन आसान होगा। सड़क चौड़ी करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है।
शहर में यातायात जाम के चलते प्रतिदिन हजारों वाहन चालक परेशान होते हैं। इस समस्या से लोगों को निजात देने के लिए प्रशासन ने प्रमुख सड़क को करीब चार किलोमीटर तक चौड़ी करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पानी टंकी चौराहे से अस्पताल, डिगिहा होते हुए निर्माणाधीन ओवरब्रिज से गोंडा मार्ग तक सड़क को चौड़ा किया जाएगा।
इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने योजना तैयार की है। उसके मुताबिक शहर की प्रमुख सड़क चार किलोमीटर तक चौड़ी करने में करीब 37 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस प्रस्ताव प्रशासन ने प्रदेश शासन को भेजा है। इसके साथ ही कई अन्य सड़कों के चौड़ीकरण की योजना तैयार की जा रही है। डीएम मोनिका रानी ने बताया कि शहर की प्रमुख सड़क चौड़ी होने से जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सकेगी। शासन से बजट मिलते ही सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू किया जाएगा।