बहराइच। महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर रविवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम डॉ.दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में झंडारोहण व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर प्रभातफेरी व क्रॉस कंट्री रेस का भी आयोजन किया गया। विभिन्न विद्यालयों में आयोजित गोष्ठियों में भी वक्ताओं ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें प्रेरणा के स्रोत बताया।
महिला पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ.प्रिया मुखर्जी ने छात्राओं को महात्मा गांधी व शास्त्री जी के व्यक्तित्व, जीवन मूल्यों एवं दर्शन से अवगत कराते हुए उसे अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के मूल्य व दर्शन आज पहले से भी अधिक प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम में सहायक प्रवक्ता डॉ.प्रियंका श्रीवास्तव, डॉ.सरिता यादव, डॉ.अमृता मिश्रा, डॉ.ज्योति त्रिपाठी, डॉ.रीता शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अव्यक्त राम तिवारी के नेतृत्व में गेंदघर मैदान से प्रभातफेरी का शुभारंभ किया गया। प्रभातफेरी का समापन इंदिरा स्टेडियम में किया गया। स्टेडियम परिसर में नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय ने बच्चों को विभिन्न जानकारियां प्रदान करते हुए पुरस्कृत किया। तहसील नानपारा अंतर्गत श्री कृपाराम जागृति हाईस्कूल में विद्यालय में भी छात्र-छात्राओं को महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों से परिचित कराया गया।
नानपारा में स्थानीय गांधी पार्क में नगर अध्यक्ष शफीक कुरैशी ने झंडारोहण कर महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री भारत माता के अनमोल रत्न थे। उनका नारा जय जवान जय किसान सदैव प्रासंगिक रहेगा। थाना रुपईडीहा में उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति द्वारा थाना परिसर में ध्वजारोहण के पश्चात पुलिस कर्मियों को पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। नवाबगंज क्षेत्र में पूर्व माध्यमिक विद्यालय, कन्या पूर्व विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय नवाबगंज के साथ ही जवाहर इंटर कॉलेज में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर प्रकाश डाला।
मिहींपुरवा स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में सांसद अक्षयवर लाल गोंड ने छात्रों व शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दोनों महान विभूतियों ने देश की आजादी व विकास में अहम योगदान दिया। प्राथमिक विद्यालय परवानी गौढ़ी में आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि बलहा विधायक सरोज सोनकर ने संबोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रवण कुमार मदेशिया, प्रबंधक परमहंस मदेशिया, प्रधानाचार्य मनोज यादव आदि मौजूद रहे। कैसरगंज के रामकृष्ण परमहंस पीजी कॉलेज में एनएसएस स्वयंसेवकों को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.नीरज बाजपेई द्वारा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सभी स्वयंसेवकों को घर, विद्यालय समेत आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रमाधिकारी डॉ.शैलजा दीक्षित समेत अन्य लोग मौजूद रहे। उधर हुकुम सिंह इंटर कॉलेज में गांधी जयंती के अवसर पर विधायक कैसरगंज आनंद कुमार यादव ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक विश्वपाल सिंह, प्रधानाचार्य ज्ञानचंद्र कनौजिया, शिक्षक नीलेंद्र सिंह व दिनेश सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
पुरुष वर्ग में विजय व महिला वर्ग में अरुणिमा ने मारी बाजी
बहराइच। गांधी जयंती के अवसर पर इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रास कंट्री रेस का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 130 प्रतिभागी सम्मिलित हुए। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में 110 व महिला वर्ग में 20 धावकों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में पुरुष व महिला वर्ग में प्रथम छह स्थानों तक आने वाले धावकों को सम्मानित किया गया। इसमें पुरुष वर्ग में विजय चौधरी, अनस कुमार चौरसिया, देवानंद, अमित शाक्य, शिवाजी बाजपेई व अंकित कुमार को पुरस्कृत किया गया। जबकि महिला वर्ग में अरुणिमा यादव, खुशी गौड़, आयुषी सिंह, श्रद्धा तिवारी, दृष्टि व दिव्या ने बाजी मारी। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय ने सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया। (संवाद)