बहराइच। कृषि विभाग की तीन टीमों ने छह तहसीलों की 80 दुकानों पर छापा मारा। पांच दुकानों को नोटिस तो चार के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। 45 स्थानों से टीमों ने बीज के नमूने संकलित किए। छापेमारी को लेकर बीज विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति रही। कई दुकानदार दुकान छोड़ कर भाग गए।
उप कृषि निदेशक टीपी शाही ने टीम के साथ महसी व सदर तहसील में छापेमारी की। जिला कृषि अधिकारी ने टीम के साथ पयागपुर व कैसरगंज और प्रविधिक सहायक ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने नानपारा व मिहींपुरवा तहसील में छामा मारा। टीमों ने जिले की 80 दुकानों पर छापा मारा। संदिग्ध बीज मिलने पर 45 दुकानों से बीज के नमूने भरे गए।
जिला कृषि अधिकारी सतीश पांडेय ने बताया कि छापेमारी में शंकर ट्रेडर्स खुटेहना, यादव बीज भंडार पयागपुर, मनोज बीज भंडार पयागपुर, एग्री जंक्शन बीज भंडार पयागपुर व राजीव बीज भंडार गंगवल पर बीजों का रखरखाव व रिकार्ड सही नहीं मिला। जिस पर सभी को नोटिस जारी किया गया। गाजी बीज भंडार, न्यू गाजी बीज भंडार, वारसी बीज भंडार, विजय खाद भंडार गंगवल पर बीज बिक्री का रिकार्ड मौजूद न होने पर चारों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी विक्रेताओं को गुणवत्तापूर्ण बीज बेचने, रिकार्ड दुरुस्त रखने के लिए निर्देशित किया गया है। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी ने तीन राजकीय बीज भंडारों का भी निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत की।