शिवपुर। सड़क हादसे में 15 दिन पूर्व घायल एक पीआरडी जवान की इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीआरडी जवान राम शंकर को बीते 24 मार्च को एक मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके पुत्र अशोक कुमार ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनके पिता 24 मार्च को सुबह करीब 7 बजे ड्यूटी करके साइकिल से घर लौट रहे थे। जब वह मटेरा मोड़, ग्राम बेहड़ा के पास पहुंचे, तभी ग्राम थैलिया निवासी विजय राज ने तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में राम शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां 6 अप्रैल को डॉक्टरों ने जवाब दे दिया था इस पर परिजन उन्हें घर ले आए, बुधवार को उनकी मौत हो गई। खैरीघाट थाने के प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ने बताया कि पुत्र की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।