रानीपुर थानाक्षेत्र में हमले में घायल ग्राम प्रधान।
हुजुरपुर (बहराइच)। विवाद के निस्तारण के लिए पंचायत करवाने गए रानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत ताजपुर के प्रधान पर दबंगों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडो से पिटाई से गंभीर रूप से घायल ग्राम प्रधान को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। उन्होंने पुलिस पर मामले को रफा-दफा करने के लिए क्राॅस मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत ताजपुर के ग्राम प्रधान शाकिर रविवार को विवाद सुलझाने के लिए सर्रापुरवा गांव गए थे। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष के लोगो ने ग्राम प्रधान पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। ग्राम प्रधान पर लाठियों से ताबड़तोड़ कई वार कर उन्हें मरणासन्न कर दिया। ग्रामीणों ने प्रधान की जान बचाई और उन्हें इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया, जहां से मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। आरोप है कि प्रधान को बचाने गए गांव निवासी गिरीश, साबित अली, नूर की भी पिटाई कर दी गई।
पीड़ित प्रधान ने बताया कि थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन पुलिस ने मामले को रफा-दफा करने के लिए उनके ऊपर भी क्राॅस मुकदमा दर्ज कर दिया। थाना प्रभारी रानीपुर सीपी सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच जारी है।
,