बहराइच। जिले की बिजली आपूर्ति भीषण गर्मी में दगा दे रही है। बिजली विभाग का रोस्टर हवा-हवाई साबित हो गया है। सोमवार को भी व्यवस्था पटरी पर नहीं लौटी। इससे पेयजल की समस्या गहराने लगी है। उपभोक्ताओं को रोस्टर के मुताबिक आपूर्ति कराने में पावर कॉर्पोरेशन हांफ रहा है।
जिले में पारा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। दूसरी तरफ जिले की बिजली व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। बहराइच व नानपारा में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति का रोस्टर है। जबकि लगभग 16 घंटे बिजली मिल रही है। तहसील क्षेत्रों में 22 घंटे की जगह 14 व ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे की जगह महज 11 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। कई जगह लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।
सोमवार को जिले के सदर क्षेत्र, नानपारा व रूपईडीहा क्षेत्र की बिजली की समस्या पूरी तरह पटरी से उतरी रही। सदर के कई मोहल्लों में कई घंटों तक आपूर्ति ठप रही। जिससे लोगों के सामने पेयजल का संकट गहराता रहा। नानपारा क्षेत्र की भी बिजली व्यवस्था सोमवार को और भी बदहाल हो गई। नगर क्षेत्र के बैंक, एटीएम व उद्योग धंधे प्रभावित रहे। नगरवासी बीते एक सप्ताह से लो वोल्टेज के चलते सारी रात जागकर बिताने को मजबूर हैं।
रूपईडीहा नगर पंचायत में भी कई दिनों से बदहाल चल रही विद्युत व्यवस्था सोमवार तक पटरी पर नहीं लौटी। ओवरलोडिंग के चलते ट्रांसफार्मरों का जलना बंद नहीं हो रहा है। विद्युत आपूर्ति के दौरान लो वोल्टेज की समस्या भी बनी रहती है। जिससे लोगों को पेयजल की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। रूपईडीहा नगर पंचायत में तो 22 घंटे के सापेक्ष महज पांच से छह घंटे तक ही विद्युत आपूर्ति की जा रही है। जिले के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली की स्थित बद से बदहाल हो चुकी है। अगर हालात में शीघ्र सुधार नहीं हुआ, तो लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन शुरू करने का मन बना रहे हैं।
लोड बढ़ने से हो रही परेशानी
गर्मी बढ़ने के साथ ही लोड व बिजली की मांग भी बढ़ने लगी है। जिससे ब्रेकडाउन होने से बिजली की कटौती की जा रही है। समस्या का निस्तारण कराने को लेकर कर्मचारी जुटे हुए हैं। शीघ्र ही समस्या का निस्तारण कर आपूर्ति की जाएगी।
- सुरेश कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत