बहराइच। बीते कई दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से सोमवार को लोगों को राहत मिली। रविवार की शाम से शुरू हुई ठंडी हवा सोमवार की सुबह भी जारी रही। ठंडी हवा से मौसम खुशनुमा बना रहा। सुबह आसमान में काले बादल छाए रहे और बूंदाबांदी ने लोगों को राहत दी। वहीं शाम को हुई झमाझम बारिश ने तराई को सराबोर कर दिया। बारिश से गन्ना किसानों के चेहरे खिले रहे तो वहीं देर से गेेहूं की बुआई करने वाले किसान चिंतित दिखे।
जिले में बीते कई दिनों से भीषण गर्मी देखने को मिल रही है। जिले का तापमान अप्रैल में ही 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था। जिसके चलते लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल थे। रविवार की शाम अचानक मौसम ने करवट बदली और आसमान में काले बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। बादलों की आवाजाही और ठंडी हवा के चलने का सिलसिला सोमवार की सुबह भी जारी रहा। सोमवार की सुबह आसमान काले बादलों से ढका रहा और लोग झमाझम बारिश की उम्मीद लगाए रहे। लेकिन बादलों के साथ चल रही तेज हवा ने मौसम को साफ कर दिया।
हालांकि इस दौरान कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। लेकिन शाम होते-होते एक बार फिर आसमान काले बादलों की गिरफ्त में आ गया और साढ़े छह बजे के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। गरज चमक के साथ हुई बारिश से मौसम ठंडा हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। झमाझम बारिश से गन्ना किसान खुश दिखे।
गन्ना किसान ननके सिंह, अजीत सिंह, अभिषेक प्रताप सिंह आदि ने बताया कि गर्मी के चलते गन्ने की लगातार सिंचाई करनी पड़ रही है। बारिश से हल्की राहत मिली है। हालांकि गेहूूं की बोआई देर से करने वाले किसान, जिनकी फसल मड़ाई के लिए खेतों में पड़ी है, उन्हें बारिश से नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।