फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: गोद लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को भूल गए जनप्रतिनिधि

Wed, 02 Aug 2023 11:24 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। बच्चों में शिक्षा का आधार मजबूत करने व उन्हें कुपोषण से मुक्त करने के लिए जिले में आंगनबाड़ी केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कुछ ब्लॉकों के आंगनबाड़ी कंद्रों को आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए जनप्रतिनिधियों ने गोद लिया था। इसमें जिला पंचायत अध्यक्ष, सांसद व विधायक ने जिले के 22 आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लिया। लेकिन गोद लेने के बाद माननीय इन्हें भूल गए। केंद्रों को झांकने तक नहीं गए।
विज्ञापन


शहर से सटे ग्राम पंचायत शेखदहीर के आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली की व्यवस्था नहीं है। इस केंद्र को सदर विधायक अनुपमा जायसवाल ने गोद लिया था। भवन बनने के समय छत में कुंडा ही नहीं डाला गया था। बाद में छत काटकर पंखा लगाया गया, लेकिन बिजली का कनेक्शन अभी तक नहीं हो सका है। बारिश होने पर छत टपकने लगती है। आंगनबाड़ी प्रतिमा निगम ने बताया कि भीषण गर्मी में बच्चे परेशान हो रहे हैं। बारिश के दौरान पानी भरने से बच्चों के बैठने की जगह भी नहीं रहती है।

नहीं हुआ कोई काम
नानपारा क्षेत्र में बलहा की ग्राम सभा मेहरबान नगर आंगनबाड़ी केंद्र को बहराइच सांसद अक्षयवर लाल गोंड ने गोद लिया था। सांसद के गोद लेने के बाद से केंद्र का कोई विकास कार्य नहीं कराया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्री पूनम देवी व सहायिका गीता देवी ने बताया कि केंद्र बनने के बाद जो व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई थीं वहीं हैं।
विज्ञापन

बाबागंज क्षेत्र में ग्राम पंचायत शंकरपुर, कलवारी व गौरखा के आंगनबाड़ी केंद्रों को नानपारा के विधायक रामनिवास वर्मा ने गोद लिया था। शंकरपुर केंद्र में बच्चों के बैठने की व्यवस्था तो है लेकिन बिजली नहीं है। ऐसे में बच्चों को परेशानी हो रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीमा देवी एवं सहायिका विमला देवी ने बताया कि बिजली की व्यवस्था न होने के कारण दिक्कत होती है।

पटना घुसियारी व मलुवा भकुरहा केंद्र जर्जर
रिसिया। विकासखंड रिसिया पटना घुसियारी के रसुलपुर व मलुवा भकुरहा आंगनबाड़ी केंद्र को मटेरा की विधायक मारिया शाह ने गोद लिया था। इसकी हालत दयनीय है। गांव के सुरेश कुमार, मोलहे, अंगनू, जीवन लाल ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर है। विधायक ने इन आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद जरूर लिया था लेकिन कोई विकास कार्य नहीं कराया गया है। सीडीपीओ अनुज कुमार ने बताया कि आंनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प के लिए बीडीओ को पत्र भेजा गया है।
खंडहर में तब्दील आंगनबाड़ी केंद्र
महसी के विधायक सुरेश्वर सिंह की ओर से गोद लिया गया आंगनबाड़ी केंद्र एरिया प्रथम की हालत दयनीय है। रंगाई-पुताई न होने के कारण भवन जर्जर हो गया है। साफ-सफाई न होने के कारण चारों तरफ गंदगी का अंबार है। शौचालय की भी कोई व्यवस्था नहीं है। एरिया के बरूहन टेपरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र द्वितीय का भी यही हाल है।
वहीं, हुजूरपुर की ग्राम पंचायत गौड़रिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र एक, दो और तीन को जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने गोद लिया था। निजी भवन न होने के कारण तीनों आंगनबाड़ी केंद्र प्राथमिक विद्यालय के भवन में चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अध्यक्ष के गोद लिए केंद्र को अपना भवन न मिल पाना आश्चर्यजनक है। कार्यकत्री विजय कुमारी व सहायिका मंजू देवी ने बताया कि विद्यालय के भवन में आंगनबाड़ी केंद्र चल रहा है।
वर्जन-जिन आंगनबाड़ी केंद्रों को जनप्रतिनिधियों ने गोद लिया, वहां सुविधाएं अच्छी हो, इसके लिए प्रयास किया गया है। कई कार्यक्रमों मेें जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर वहां का हाल देखा है।
विज्ञापन

राज कपूर, जिला कार्यक्रम अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें