नवाबगंज (बहराइच)। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली न आने से नवाबगंज कस्बे की 4000 आबादी परेशान है। बिजली कर्मी पांचवें दिन भी ट्रांसफार्मर और तार बदलने की कवायद करते रहे। बिजली न आने से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
नवाबगंज कस्बे के राजकीय यूनानी चिकित्सालय के पास ट्रांसफार्मर बीते पांच दिन पूर्व जल गया था। विद्युत कर्मियों ने ट्रांसफार्मर को बदल दिया, लेकिन आपूर्ति शुरू करते ही तार जल गए। शाॅर्ट सर्किट से तारों में आग लग गई। तार टूट कर गिरने लगे। जिससे कस्बे में अफरातफरी मच गई। आपूर्ति ठप हो गई। तार टूटने के चलते पांचवें दिन भी लोग उमस से परेशान रहे।
कस्बा निवासी इम्तियाज खान, अब्दुल कवि, नफीस अहमद आदि उपभोक्ताओं ने बताया कि एक तरफ जहां बिजली न होने से पानी व अन्य संसाधनों की समस्या बनी हुई है, वहीं गर्मी से बच्चे बेहाल हैं। रातभर जागकर रात काटनी पड़ रही है। नवाबगंज के नंदागांव उपकेन्द्र के अभियंता शहाबुद्दीन ने बताया कि जर्जर तारों को जोड़ा जा रहा है। जल्द आपूर्ति शुुरू की जाएगी।
रात में मिल रही चार घंटे बिजली, छत पर गुजर रही रात
मटेरा। क्षेत्र में रात के समय भीषण बिजली कटौती की जा रही है, जिससे विद्युत उपभोक्ता परेशान हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि मटेरा क्षेत्र में मात्र आठ से 10 घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। रात के समय मात्र चार घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। भाजपा मंडल अध्यक्ष कुश शुक्ला ने बताया कि 24 घंटे में महज आठ से 10 घंटे बिजली मिल रही है।
रात में बिजली के बार-बार आने जाने के कारण छतों पर रात गुजारनी पड़ रही है। लालपुर निवासी संतोष कुमार वर्मा, नेवरिया के लायक राम कश्यप, सिसवारा के संतोष कुमार पांडेय आदि ने बताया कि बिजली कटौती के चलते इलेक्ट्राॅनिक उपकरण शोपीस बन गए हैं।
विद्युत कटौती से चौपट हो रहा व्यापार
हुजूरपुर। क्षेत्र में जारी बिजली कटौती आम उपभोक्ताओं के साथ व्यापारियों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। व्यापार मंडल हुजूरपुर अध्यक्ष प्रेमनाथ सिंह ने बताया कि अघोषित कटौती के चलते व्यापार चौपट हो गया है। अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई है, लेकिन सभी चुप हैं। व्यापारी सतीश सिंह, सुरेश दूबे ने कहा कि व्यापार पूरी तरह ठप है। ग्रामीण संतोष कुमार ने कहा कि रात के समय हो रही बिजली कटौती के चलते पूरी रात चारपाई घर के अंदर और बाहर करने में कट रही है। नींद उड़ गई है।