खैरीघाट (बहराइच)। थाना क्षेत्र के मटेरा कला गांव में रविवार दोपहर सूकर चराने को लेकर हुए विवाद में दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों समुदायों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट के दौरान समुदाय विशेष के लोगों की पिटाई से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती करवाया गया है। पुलिस जांच में जुट गई है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के मटेरा कला गांव निवासी प्रदीप कुमार सोनकर ने थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया कि रविवार को वह सूकर चराने जा रहे थे। विपक्षी झब्बर, छोटकन्ने, रियाज आदि लोग सूकर को लेकर गाली देने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो सभी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे बचाने आए उसके पिता हरिद्वारी सोनकर को भी समुदाय विशेष के लोगों ने पीटा। प्रदीप ने आरोप लगाया कि इस दौरान आगजनी का भी प्रयास किया गया।
दूसरे पक्ष से रफीका पत्नी झब्बर ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि विपक्षी मंगतू, हरिद्वारी, प्रदीप कुमार आदि उनके घर में सूकर भेज दिया था। जिसका विरोध करने पर मारपीट की। मारपीट में एक पक्ष से प्रदीप कुमार व हरिद्वारी को गंभीर चोटें आई हैं। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती करवाया गया है।
थाना प्रभारी कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि दोनो पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।