महसी तहसील के महराजगंज कस्बे में प्रतिमा विसर्जन के दाैरान रविवार को शुरू हुई हिंसा की आग तो शांत हो गई। लेकिन, पांच दिन बाद भी यहां हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं। कस्बे में बृहस्पतिवार को कुछ चहलकदमी जरूर नजर आई, पर अधिकतर लोग घरों में ही कैद रहे। यहां तक कि स्थानीय निवासी भी घटना पर करने से बचते रहे।
महराजगंज गांव में बृहस्पतिवार सुबह कुछ घरों के बाहर दोनों समुदायों के लोग बैठे नजर आए। लेकिन उन्होंने बवाल वाले दिन के बारे में कोई भी बात करने से साफ इन्कार कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, अधिकतर लोग इस वजह से भी घर से बाहर नहीं निकल रहे कि कहीं पुलिस उन्हें भी गिरफ्तार न कर ले। कस्बे के लोग हिंसा को याद कर अब भी सिहर उठते हैं।
स्थानीय निवासी हमीदा ने कहा कि उस दिन भीड़ के सामने जो आया वह सब उन्होंने तहस-नहस कर दिया। एक पल तो लगा कि उनका घर भी फूंक दिया जाएगा। लेकिन, ऊपर वाले का शुक्र है कि वे और उनका घर भीड़ के निशाने से बच गया। वहीं, कासिम अहमद कहते हैं कि अराजक भीड़ देखकर एक समय तो यह लगा कि परिवार सहित यह उनका आखिरी दिन है। उन्होंने जैसे-तैसे परिवार सहित अपनी जान बचाई।
हटाए गए जिला सूचना अधिकारी
महसी क्षेत्र में हुई हिंसा के बाद शासन स्तर पर शिकायत के कारण जिला सूचना अधिकारी गुलाम वारिस सिद्दीकी को हटा दिया गया है। डीएम मोनिका रानी ने इस बात की पुष्टि की है। अभी श्रावस्ती के जिला सूचना अधिकारी बहराइच का भी काम देख रहे हैं।
मदनी बोले- बहराइच हिंसा में मुस्लिमों पर हो रही एकतरफा कार्रवाई
देवबंद(सहारनपुर)। जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने बहराइच हिंसा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन हिंसक घटनाओं को रोकने में विफल हो रहा और अब मुस्लिमों के विरुद्ध एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया एक्स पर अपनी पोस्ट साझा करते हुए मदनी ने कहा कि प्रशासन यहां जानबूझकर मुसलमानों को निशान बना रहा है। संवाद
अखिलेश ने कहा- सरकार नाकामी छिपाने के लिए करा रही एनकाउंटर
बाराबंकी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश भर में लगातार बहराइच जैसी घटनाएं हो रही हैं। सरकार अपनी नाकामी छिपाने व डराने के लिए एनकाउंटर करा रही है। एनकाउंटर व हाफ एनकाउंटर की नई परिभाषाएं सरकार ने बनाई हैं। अगर एनकाउंटर से ही कानून व्यवस्था में सुधार हो रहा होता तो आज प्रदेश की कानून व्यवस्था और राज्यों से अच्छी होती।
प्रतिमा विसर्जन पर जहां सांप्रदायिक घटना हुई, वहां होगी कार्रवाई
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान जिन जिलों में अधिकारियों की लापरवाही की वजह से सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की घटनाएं हुई हैं, उन पर जल्द कार्रवाई की जा सकती है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने बहराइच समेत आधा दर्जन से अधिक जिलों में हुई घटनाओं को लेकर संबंधित एडीजी जोन से बुधवार रात तक रिपोर्ट देने को कहा था। सूत्रों के मुताबिक तीनों एडीजी जोन ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है।
उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो बहराइच में सीओ महसी रूपेंद्र कुमार गौड को निलंबित करने के बाद कुछ अन्य अफसर भी जांच के दायरे में हैं। इसी तरह कौशांबी, देवरिया, कुशीनगर, गोंडा, बलरामपुर आदि में हुई घटनाओं की रिपोर्ट का गहनता से अध्ययन कर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को चिन्हित किया जा रहा है।