बहराइच। पयागपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को जल्द बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। इसके लिए शासन ने 60 करोड़ रुपये की स्वीकृति की है। इस पैसे से क्षेत्र तीन नए बिजली उपकेंद्र बनेंगे। 627 ट्रांसफार्मरों की संख्या बढ़ने के साथ 48 नए लगाए जाएंगे। इस काम के लिए शनिवार को पॉवर कॉरपोरेशन के अधिकारी व विधायक के साथ बैठक हुई।
पयागपुर से विधायक सुभाष त्रिपाठी ने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधार के लिए विभाग में प्रस्ताव भेजने के साथ ही सीएम योगी को भी पत्र लिखा था। बीते दिनों उनसे मिलकर समस्या के निदान की मांग की थी। इस पर शासन ने 60 करोड़ रुपये स्वीकृति किए है। इससे पयागपुर क्षेत्र में सेमरियावां, गंगवल व देवीदासपुर (भगड़वा) तीन जगहों पर 33/11 केवीए के नए विद्युत उपकेंद्र बनाए जाएंगे। जर्जर तारों को बदला जाएगा। अभी तक यहां पर सिर्फ पयागपुर उपकेंद्र से ही बिजली की सप्लाई की जाती है। अब पयागपुर से खुटेहना फीडर को अलग किया जाएगा।
अभी तक इन दोनों की लाइन एक होने से ज्यादा लोड था। इसके साथ ही 11 हजार वोल्टेज लाइन के जर्जर तार को भी हटाकर नए तार लगाए जाएंगे। पूरे क्षेत्र में 48 नए ट्रांसफार्मर लगेंगे। 627 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी, जिससे लोगों को लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी।
विधायक ने पॉवर कॉरपोरेशन के अधीक्षण अभियंता सुरेश कुमार, अधिशासी अभियंता सौरभ निगम, एसडीओ शैलेंद्र कुमार व अवर अभियंता अजय कुमार यादव के साथ बैठक कर कार्य जल्द शुरू कराने को लेकर बैठक की। विधायक ने बताया कि इस काम के होने से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में सुधार होने से लोगों को काफी सुविधा मिल सकेगी, इससे व्यापार भी बढ़ेगा।