बौंडी (बहराइच)। विकास खंड तेजवापुर अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा बाजार में बीते कई माह से चिकित्सक व फार्मासिस्ट का पद रिक्त चल रहा है। इसका खामियाजा यहां आने वाले मरीजों को उठाना पड़ रहा है। चिकित्सक मौजूद न होने से मरीजों को बिना इलाज कराए ही वापस लौटना पड़ता है जिससे स्थानीय लोगों में मायूसी है।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा बाजार आनेे वाले मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही मरीजों पर भारी पड़ रही है। बीते कई माह से यहां चिकित्सक व फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं की जा रही है। लगभग छह माह पूर्व यहां तैनात फार्मासिस्ट का स्थानांतरण गैर जनपद कर दिया गया। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ी में तैनात फार्मासिस्ट ओमप्रकाश सिंह को यहां का प्रभार सौंपा गया है। ऐसे में फार्मासिस्ट दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन चार-चार घंंटे सेेवाएं प्रदान कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने शीघ्र ही यहां चिकित्सक व फार्मासिस्ट की तैनाती करने की मांग की है।