आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिले की चारों तहसीलों में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। सर्वाधिक प्रार्थना पत्र कैसरगंज तहसील में आए।
जिले की चार तहसीलों में 574 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें मौके पर महज 76 प्रार्थना पत्र ही निस्तारित किए जा सके।
जिलाधिकारी अभय की अध्यक्षता में कैैसरगंज में आयोजित हुए तहसील दिवस में 317 प्रार्थना-पत्र आए, जिसमें 27 का निस्तारण मौके पर ही किया गया।
शेष के सम्बन्ध में अधिकारियों को एक सप्ताह में गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए गए। यहां जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक नेहा पांडेय के साथ जिले के अन्य अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई की।
जिलाधिकारी ने बाढ़ क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मौसम के दृष्टिगत पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
तहसील सदर बहराइच में एडीएम विद्याशंकर सिंह की अध्यक्षता में हुए तहसील दिवस में 58 प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिसमें 10 का निस्तारण मौके पर किया गया।
नानपारा में उप जिलाधिकारी घनश्याम की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 106 प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिसमें 9 का निस्तारण मौके पर किया गया।
तहसील महसी में उप जिलाधिकारी चन्द्रपाल की अध्यक्षता में 113 प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिसमें 30 का निस्तारण मौके पर किया गया।