बहराइच। नगर निकाय चुनाव में जिले के दो नगर पालिका और छह नगर पंचायत के 144 वार्डों के लिए कुल 1129 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इन सभी आवेदनों का मंगलवार की देर शाम तक सत्यापन पूरा किया गया। सत्यापन में त्रुटिपूर्ण मिले अध्यक्ष पद के 11 और सभासद के सात नामांकन पत्रों को खारिज कर दिया गया। अब अध्यक्ष पद के लिए 127 और सभासद के लिए 984 नामांकन पत्र बचे हैं। मिहींपुरवा में एक अध्यक्ष पद का नामांकन पत्र आयु कम होने के चलते रद्द किया गया।
नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और मतदान की तारीख धीरे-धीरे नजदीक आ रही है। जिला प्रशासन ने सकुशल नामांकन प्रक्रिया करवाने के बाद नामांकन पत्रों की जांच भी पूरी कर ली है। सबसे ज्यादा नगर पंचायत कैसरगंज के अध्यक्ष पद के लिए 10 नामांकन पत्र खारिज किए गए हैं। बताते चलें कि बहराइच नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 12 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे और जांच में सभी वैध पाए गए हैं।
इसके अलावा नगर पालिका परिषद नानपारा के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल सभी नौ नामांकन पत्र, रुपईडीहा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दाखिल सभी 12 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। नगर पंचायत रिसिया के लिए दाखिल सभी नौ, जरवल के लिए दाखिल सभी 16, पयागपुर के लिए दाखिल सभी 16 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं।
जबकि कैसरगंज नगर पंचायत के लिए दाखिल 43 नामांकन पत्रों में से 33 सही पाए गए हैं और 10 को रद्द कर दिया गया है। वहीं मिहींपुरवा नगर पंचायत के लिए दाखिल 21 नामांकन पत्रों में से 20 नामांकन पत्र वैध पाए गए। निर्दलीय प्रत्याशी मारिया खातून द्वारा दाखिल नामांकन पत्र को 30 वर्ष की आयु पूर्ण न करने के चलते रद्द कर दिया गया।
सत्यापन के बाद नामांकन पत्रों की स्थिति
नगर निकाय वार्ड अध्यक्ष(वैध बचे) सभासद(वैध बचे)
नगर पालिका बहराइच 34 12 261
नगर पालिका नानपारा 25 09 139
नगर पंचायत रुपईडीहा 15 12 91
नगर पंचायत रिसिया 11 09 60
नगर पंचायत जरवल 13 16 57
नगर पंचायत कैसरगंज 16 33 116
नगर पंचायत पयागपुर 15 16 109
नगर पंचायत मिहींपुरवा 15 20 151