मोतीपुर(बहराइच)। संरक्षित पशु वनरोज का शिकार कर उसका मांस पका रहे एक आरोपी को रविवार की रात वन विभाग की टीम ने दबोच लिया। इस दौरान तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। टीम उनकी धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है।
मोतीपुर वनरेंज के ग्राम पंचायत सलारपुर के मजरा बेहननपुरवा में रविवार की रात प्रतिबंधित वनरोज का शिकार कर उसका मांस पकाया जा रहा था। जिसकी सूचना किसी ग्रामीण ने टीम को दे दी। मोतीपुर वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र मौर्य ने वनटीम के साथ बेहननपुरवा में छापा मारा। मौके पर मैकू अपने साथियों इलियास, शमशाद और सलीम प्रतिबंधित वनरोज का मांस पकाते मिले।
वन टीम को आता देख इलियास, शमशाद और सलीम तो मौके से फरार हो गए, लेकिन टीम ने मैकू को दबोच लिया। वन क्षेत्राधिकारी महेन्द्र मौर्य ने बताया कि मैकू के पास से वनरोज का पका हुआ मांस, मांस बनाने का बर्तन आदि बरामद हुआ है। मैकू पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।