बहराइच। बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित राजस्व ग्राम सिसई हैदर के पास जल्द ही 12.613 हेक्टेयर भूमि पर जिला न्यायालय के नवीन भवन का निर्माण होगा। इसके लिए बुधवार को उप निबन्धक कार्यालय महसी में भूमि की रजिस्ट्री करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब उम्मीद है कि जल्द ही नए भवन के बनने का काम भी शुरू हो सकेगा।
जिला जज उत्कर्ष चतुर्वेदी, जिलाधिकारी मोनिका रानी समेत अन्य अफसरों की मौजूदगी में रजिस्ट्री की कार्रवाई संपन्न हुई थी। जिला न्यायालय भवन के लिए खरीदी गई 12.613 हेक्टेयर भूमि पर यह काम होना है। अभी तक शहर में बड़ीहाट मोहल्ले में न्यायालय का भवन बना है।
बीच शहर में न्यायालय का संचालन होने के चलते लोगों को जाम आदि की समस्या का सामना करना पड़ता है। लेकिन अब लखनऊ हाईवे पर नया भवन बनने से जहां शहर के लोगाें को काफी फायदा मिल सकेगा। हाईवे की तरफ शहर का विकास भी तेज हो सकेगा।
लंबे समय से चल रही थी प्रक्रिया
हाईवे पर नया न्यायालय भवन बनाने की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही थी। लेकिन भूमि की रजिस्ट्री न होने के चलते इसके काम के शुरू होने में दिक्कत हो रही थी। अब नया भवन बनाने की प्रक्रिया में तेजी आ सकेगी।
जिला न्यायालय के नए भवन के लिए भूमि की रजिस्ट्री हो गई है। 12.613 हेक्टेयर भूमि पर नया जिला न्यायालय भवन बनना है। नए भवन निर्माण के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का काम किया जा रहा है। शालिनी प्रभाकर, सिटी मजिस्ट्रेट