मटेरा(बहराइच)। मटेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम मजदूरी कर घर वापस आ रहे एक मजदूर की उसके साथियों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। हत्या के दौरान बीच बचाव कराते समय मृतक का छोटा भाई भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मटेरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लालपुर के मजरा शिवपुरा ह्दयराम उर्फ ननकू (42) ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। वहीं उसका छोटा भाई नकछेद भी उसके साथ मजदूरी करता है। मंगलवार को दोनों मजदूरी से वापस आकर घरेलू सामान खरीदने मटेरा बाजार गए थे। उनके साथ गांव निवासी श्रमिक मिश्रीलाल, सीताराम आदि भी गए थे। बताया जाता है कि बाजार में खरीदारी के बाद सभी ने शराब भी थी। घर वापस आते समय रास्ते में किसी बात को लेकर ननकू की मिश्रीलाल व सीताराम से लड़ाई हो गई। इसके बाद मिश्रीलाल व सीताराम ने उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी। वहीं मारपीट में नकछेद भी घायल हो गया। घटना की जानकारी होने पर परिजन दोनों को इलाज के लिए निजी चिकित्सक के यहां ले गए जहां चिकित्सक ने ननकू को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष मटेरा राजेश दूबे ने बताया कि नशे में ही दोनों ने मारपीट की थी। परिजनों की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी गयी है।
इनसेट-
भाई ने लगाया रंजिश में हत्या का आरोप
पोस्टमार्टम करवाने आए मृतक ननकू के बड़े भाई राधेश्याम ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों से पुरानी रंजिश थी। दोनों ने रंजिशन उनके भाई ननकू की पीट-पीट कर हत्या की है। वहीं भाई को बचाने गए छोटे भाई नकछेद को भी मार कर घायल कर दिया है। उसका इलाज करवाया जा रहा है।
.........
जितेन्द्र दीक्षित