नानपारा(बहराइच)। कैसे हो...घर पर सब ठीक है। कुछ काम था तुमसे...कुछ रुपयों की जरूरत थी...भेज दो, मै वापस कर दूंगा। कुछ ऐसे ही मेसेज नानपारा कोतवाल हेमंत कुमार गौड़ की फेसबुक आईडी से पहुंचे तो लोग हैरान रह गए। कुछ लोग तो इस दुविधा में पड़ गए कि आखिरकार कोतवाल साहब अचानक पैसे क्यों मांगने लगे। कुछ शुभचिंतकों ने जब कोतवाल हेमंत गौड़ को फोन कर पैसा मांगने की पुष्टि करनी चाही तो कोतवाल साहब भी चौंक पड़े। तब उन्हें अहसास हुआ, कि हैकरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। इसके बाद कोतवाल ने अपनी वास्तविक आईडी से अपने मित्रों को उनकी आईडी हैक होने की सूचना दी और पैसे आदि का लेनदेन न करने की अपील भी।
साइबर अपराध अब जिले में तेजी से अपने पांव पसार रहा है। वहीं साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं, कि अपराधी अब पुलिस कर्मियों को भी अपना निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। साइबर अपराधियों के बुलंद हौसलों की बानगी बुधवार को नानपारा में देखने को मिली, जब हैकरों ने कोतवाल नानपारा की ही आईडी हैक कर ली और लोगों से पैसे मांगने शुरू कर दिए। कोतवाल हेमंत कुमार गौड़ ने बताया कि मित्रों द्वारा आईडी हैक होने की जानकारी हुई है। सभी से किसी भी प्रकार का लेनदेन न करने की मैंने की है। हालांकि कोतवाल ने अज्ञात अपराधी के खिलाफ साइबर सेल में न तो कोई शिकायत की और न ही किसी अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। ये बात क्षेत्र में चर्चा का विषय रही। कुछ लोग को कोतवाल पर ही सवालिया निशान खड़े करने लगे।
.......
जितेन्द्र दीक्षित