बहराइच। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में प्रयोग की जाने वाली उत्तर पुस्तिकाएं जिला मुख्यालय भेज दी गई हैं। सभी उत्तर पुस्तिकाओं को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम में रखवाया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के आदेश के बाद कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए नए सिरे से कक्ष निरीक्षकों की तैनाती तेज कर दी गई है।बोर्ड परीक्षा का आयोजन 16 फरवरी से किया जा रहा है। परीक्षा के आयोजन की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। बोर्ड परीक्षा में प्रयोग की जाने वाली उत्तर पुस्तिकाएं भी जिला मुख्यालय पर पहुंच गई हैं। जिन्हें राजकीय बालिका इंटर कॉलेेज में बने स्ट्रांग रूम में रखवाया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक जेपी सिंह ने बताया कि सभी उत्तर पुस्तिकाओं को स्ट्रांग रूम में बने कक्ष में सुरक्षित रखवा दिया गया है। उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने के साथ ही पुलिस कर्मी भी तैनात कर दिए गए हैं। परीक्षा के नजदीक आते ही इन उत्तर पुस्तिकाओं को कड़ी सुुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही कक्ष निरीक्षकों की तैनाती का कार्य भी तेज कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि कक्ष निरीक्षकों की तैनाती में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आदेेशों के तहत आधे कक्ष निरीक्षक दूसरे विद्यालय के तैनात करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। परीक्षा का आयोजन नकलविहीन व शांतिपूर्ण माहौल में कराया जाएगा।