बहराइच। मटेरा थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में शुक्रवार रात चोरों ने तीन घरों में वारदात को अंजाम दिया और लाखों का माल ले गए। भागते समय नशे के चलते एक चोर ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। उससे पूछताछ कर अन्य चोरों के बारे में जानकारी ली जा रही है।
राजापुर निवासी हाफिज व डॉ. सैफुल मोहम्मद हसन शुक्रवार को परिवार सहित सो रहे थे। इसी दौरान उन्हें आहट सुनाई दी। उठकर देखा घर का दरवाजा खुला है और बरामदे में सामान बिखरा पड़ा था। शोर मचाया तो ग्रामीण इकट्ठा हो गए। कुछ चोर बाइक पर सवार होकर फरार होने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों ने दौड़ाया तो एक चोर पकड़ में आ गया। वह काफी नशे में था। हाफिज ने बताया कि चोर उसके घर से 20 हजार रुपये व लाखों के आभूषण चुरा ले गए हैं। डॉ. सैफुल ने बताया कि उनके घर में रखे 50 हजार रुपये और लाखों का सामान गायब है। वहीं, मोहम्मद असन खां ने बताया कि चोर उनके घर से 35 सौ रुपये समेत बर्तन व आभूषण चुरा ले गए हैं। मटेरा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की गई है। पकड़े गए चोर से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह की गिरफ्तारी की जाएगी।