बहराइच। कैसरगंज थाने पर तैनात उप निरीक्षक घीसूराम सरोज को रविवार की देर रात एसपी प्रशांत वर्मा ने निलंबित कर दिया। उपनिरीक्षक पर आरोप था कि उन्होंने एक एमआर से जबरन 25 हजार रुपए वसूल लिए थे। कैसरगंज थाना क्षेत्र स्थित एक निजी नर्सिंग होम पर रविवार को एमआर प्रभात सिंह की महिला चिकित्सक के साथ किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई थी। आरोप है कि सूचना पर कैसरगंज थाने पर तैनात उपनिरीक्षक घीसूराम मौके पर पहुंचे थे और एमआर प्रभात सिंह को अपने साथ कैसरगंज कस्बा लेकर आए थे। कुछ देर तक अपने साथ रखने के बाद उन्होंने एमआर को छोड़ दिया था। इसके बाद एमआर की ओर से आरोप लगाया थ, कि उपनिरीक्षक ने जबरन एमआर से 25 हजार रुपये छीन लिए गए हैं। इसकी शिकायत एसपी से भी की गई थी। रविवार देर रात एसपी प्रशांत वर्मा ने उपनिरीक्षक घीसूराम सरोज को निलंबित कर दिया।