बहराइच। महाराजा सुहेेलदेव स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के परिसर में बीते काफी दिनों से छुट्टा जानवरों का आतंक व्याप्त है। कई बार सांड़ समेत अन्य जानवर वार्डों व चिकित्सा कक्षों में भी घुस जाते हैं। लगभग एक सप्ताह पूर्व मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य की ओर से पालिका प्रशासन को पत्र भेजने के बाद से छुट्टा जानवरों को पकड़ने के लिए टीम लगातार प्रयास कर रही है।
नगरपालिका कर्मियों द्वारा मेडिकल कॉलेज परिसर से छुट्टा जानवरों को पकड़ने का अभियान जारी है। रविवार को भी चिकित्सक आवास के पास एक सांड़ को पकड़ने के लिए नगरपालिका कर्मी मशक्कत करते नजर आए। कड़ी मेहनत करने के बाद भी जब सांड़ काबू में नहीं आया तो पशु चिकित्सक के नेतृत्व में उसे बेहोशी का इंजेेक्शन देकर काबू किया गया। इसके बाद पालिका कर्मी इसे वाहन द्वारा सुरक्षित स्थान पर ले गए।