बहराइच। जी-20 समिट में भारत को अध्यक्षता मिलने के उपलक्ष्य में आयोजित योगासन कार्यक्रम का समापन रविवार को कई विश्व रिकॉर्ड के साथ हुआ। इस अवसर पर 20 सामूहिक व तीन एकल विश्व रिकार्डों की घोषणा की गई। गरुड़ासन में छात्रा दिव्या यादव ने विश्व कीर्तिमान स्थापित कर जिले का नाम रोशन किया। इसके साथ ही सामूहिक योगासन कार्यक्रम में भी 20 विश्व रिकार्ड दर्ज किए गए।
किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित हुए कार्यक्रम मेें शनिवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय यादवपुर की कक्षा पांच की छात्रा दिव्या यादव ने 55 मिनट 40 सेकेंड तक गरुड़़ासन कर विश्व रिकाॅर्ड में अपना नाम दर्ज कराया था। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में डीएम डॉ.दिनेश चंद्र द्वारा बीते नौ अगस्त को 59 मिनट 15 सेकेंड तक किए गए शीर्षासन को भी विश्व रिकार्ड में सम्मिलित किया गया। इस अवसर पर डीएम डॉ.दिनेश चंद्र को उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ.आनंदेश्वर पांडे, रिकार्ड काउंसिल की एडिटर मालविका बाजपेई व डायरेक्टर जनरल निधि गुप्ता द्वारा सम्मानित किया गया। इसके साथ ही परिषदीय विद्यालयों के दस हजार 323 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से अलग-अलग 12 आसनों का प्रदर्शन कर रिकार्ड बनाया।
इसमें जरवल विकास खंड के 1142, पयागपुर के 1118, कैसरगंज के 1302, हुजूरपुर से 1358, फखरपुर से 4129 और विशेश्वरगंज से 1264 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। वहीं 19 जनवरी को 2211, 20 जनवरी को 7396 व 21 जनवरी को हुए योगासन में 10, 323 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में योगदान देने वाले सभी खंड शिक्षाधिकारियों, शिक्षकों व छात्र-छात्राओं की विशेष सराहना की। उन्होंने विश्व रिकार्ड बनाने वाले छात्र दिव्यांश शुक्ला व छात्रा दिव्या यादव को भी पुुरस्कृत किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ.एसके सिंह, बीएसए एआर तिवारी, कुंवर यादवेंद्र विक्रम सिंह, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष मनीष मल्होत्रा, महासचिव मनोज कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।
अभी और रिकाॅर्डों की हो सकती है घोषणा
यूपी योगा एसोसिएशन के सचिव यश पाराशर ने बताया कि रविवार को समय कम होने के कारण 22 रिकॉर्डर सुरक्षित रख लिए गए हैं। अगले 15 दिनों के भीतर इसका अध्ययन कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। ऐसे में विश्व रिकार्डों की संख्या में अभी और वृद्धि हो सकती है।