बहराइच। गल्लामंडी से आसाम चौराहा पर स्थित नाले पर हुए अतिक्रमण पर शनिवार को पालिका प्रशासन का बुलडोजर चला। इस दौरान पालिका प्रशासन की टीम ने नाले की साफ-सफाई शुरू करते हुए दोबारा नाले पर अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
शहर में अभी हाल ही हुई बारिश के दौरान कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई थी। इसका मुख्य कारण था कि नालों पर अतिक्रमण होने से साफ-सफाई न हो पाना था। बारिश थमने के बाद पालिका प्रशासन की ओर से ऐसे नालों को चिह्नित कर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी जारी की गई थी। इसमें कहा गया था कि सभी स्वयं से अपना अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी के बावजूद लोगों ने नाले पर से अवैध अतिक्रमण को हटाने में रुचि नहीं दिखाई। शनिवार को पालिका प्रशासन की टीम ने गल्लामंडी से आसाम चौराहे तक नाले पर अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर हटा दिया। इस दौरान काफी अफरातफरी की स्थिति रही। अतिक्रमण हटाने के बाद नगर पालिका के सफाई निरीक्षक सुरेश गोविंद मिश्रा की अगुवाई में सफाईकर्मियों ने नाले की साफ-सफाई शुरू की। नगर पालिका की ईओ प्रमिता सिंह ने बताया कि शहर के मुख्य नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर नालों की साफ-सफाई शुरू की गई है। अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई है कि अगर दोबारा नाले पर अतिक्रमण किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।