बाइक में आग लगने से झुलसा योगेश कुमार।
- फोटो : बाइक में आग लगने से झुलसा योगेश कुमार।
मोतीपुर। रिश्तेदारी में मोतीपुर जा रहे युवक की बाइक में शुक्रवार शाम अचानक आग लग गई। इससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे लखनऊ रेफर किया गया है। रिसिया के गोदनी बसाही निवासी गांव निवासी योगेश कुमार (25) थाना मोतीपुर के सेमरहना स्थित अपनी रिश्तेदारी में जाने के लिए शुक्रवार शाम घर से निकले थे। सेमरहना चौराहे के पास पहुंचते ही अचानक उनकी बाइक में आग लग गई। जब तक वह बाइक रोककर आग बुझाने का प्रयास करते तब तक आग की लपटों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण बाइक पूरी तरह जल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और योगेश को मोतीपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में भी चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। योगेश के भाई दिनेश ने बताया कि बाइक में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।