बहराइच। समाजवादी पार्टी के मटेरा विधायक व पूर्व मंत्री यासर शाह की सोमवार की रात अचानक तबियत बिगड़ गई। मेडिकल कॉलेज से उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है।
सपा के मटेरा विधायक और पूर्व मंत्री यासर शाह सोमवार को अपने काजीपुरा स्थित आवास पर थे। रात में अचानक उनके सीने में दर्द शुरू हुआ और वह बेहोश हो गए। परिवारीजन व सपा के जिला कोषाध्यक्ष अब्दुल मन्नान समेत अन्य समर्थक उनको लेकर मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने इलाज किया। इसके बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिवार के लोगों ने उनको लखनऊ में चंदन अस्पताल में भर्ती कराया है। पूर्व मंत्री के करीबी सपा नेता अब्दुल मन्नान ने बताया कि विधायक यासर शाह की हालत में अब काफी सुधार है। उधर, विधायक की हालत खराब होने की सूचना मिलने के बाद लोग जानकारी लेने के लिए एक दूसरे से लगातार संपर्क करते देखे गए।