जमुनहा (श्रावस्ती)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित मिशन इंद्रधनुष से संबंधित फाइलें व दस्तावेज आग के हवाले कर दीं गईं। इसके अवशेष सीएचसी मल्हीपुर के पीछे कूड़े में जले मिले। जानकारी लेने पर जिम्मेदार कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। एनआरएचएम में हुए घोटाले की जांच जिले तक पहुंची थी।
यहां कई अधिकारी व कर्मचारी सीबीआई की जांच की जद में भी आए। यह मामला अभी भी लोगों के जेहन में बसा हुआ है। वहीं इसमें आग में घी डालने का काम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर में किया गया। जहां अस्पताल के पीछे मिशन इंद्र धनुष से संबंधित कई फाइल व कागज कूड़े के साथ आग के हवाले कर दिए गए। जिनके कई अवशेष अब भी कूड़े के ढेर में अधजले पड़े हुए हैं। इसकी जानकारी जब सीएचसी प्रभारी से लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने ऐसी कोई बात न होने, किसी पत्रावली अथवा कागजात न जलाए जाने की बात कह अपनी जिम्मेदारी से मुक्ति ले लिया।
उनका कहना था कि जो भी कागज जलाए गए हैं। वहीं रद्दी कागज थे। जिनका कोई तलब नहीं था। वहीं इस बारे में सीएमओ डाॅ. एसपी तिवारी का कहना है कि यदि ऐसा है तो इसकी जांच कराई जाएगी। यह कागज कैसे हैं क्यों जलाए गए इसकी रिपोर्ट तत्काल सीएचसी अधीक्षक से तलब की जाएगी।