बहराइच। आसमान से मंगलवार को आग बरसी। पारा 44 डिग्री के पार हो गया। भीषण गर्मी का आलम यह रहा कि कूलर व पंखे भी लोगों को राहत नहीं दे सके। घरों व दफ्तरों में बैठे लोग भी पसीने से तरबतर रहे। तेज रफ्तार से चल रहे लू के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल रहा। लोग चेहरे पर गमछा आदि लपेटकर घरों से बाहर निकले।
तराई में पड़ रही प्रचंड गर्मी ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मंगलवार को तापमान 44 डिग्री पार होने से इस सीजन का यह सबसे गर्म दिन रहा। भीषण उमस व चिपचिपी गर्मी से जिलेवासी बेहाल रहे। कूलर व पंखे गर्म हवा फेंक रहे थे। तन झुलसा देने वाली धूप से लोग बेहाल रहे।
सिंचाई न होने से सूख रहीं फसलें
प्रचंड धूप से जहां आम जनजीवन प्रभावित है वहीं सिंचाई न होने से गन्ना, मेंथा, मौसमी सब्जी तथा धान की नर्सरी सूख रही है। तेजवापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बिजौवा निवासी किसान शुभम, अमरचंद, वंशराज, मनीष, प्रेम प्रकाश शुक्ला ने बताया कि उनकी गन्ने की फसलें पानी के अभाव में सूख रही हैं। सप्ताह में दो बार पंपिंग सेट से सिंचाई करना पड़ रहा है।
15 घंटे गुल रही बिजली, बिलबिलाए ग्रामीण
भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही बिजली न रहने पर कारोबार पर बड़ा प्रभाव पड़ रहा है। महसी ब्लॉक के ग्राम पंचायत बकैना निवासी धर्मेंद्र, पवन, पिंटू आदि ने बताया कि सोमवार को सुबह पांच बजे बिजली कट गई। इसके बाद रात आठ बजे आई। पूरे दिन बिजली न रहने से लोग परेशान रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली की बड़े पैमाने पर कटौती हो रही है। जिससे आम जनजीवन बेहाल है।