बहराइच। नानपारा में बैंक में रकम जमा करने ई-रिक्शा से जा रहे पोल्ट्री फार्म के कर्मचारी के बैग से दो नकाबपोश महिलाओं ने दो लाख 70 हजार रुपये चुरा लिए। पोल्ट्री फार्म संचालक ने कोतवाली में तहरीर देकर गुहार लगाई है। कोतवाल ने घटना को संदिग्ध बताते हुए छानबीन करने की बात कही है।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के बेलदारन टोला निवासी इम्तियाज अहमद पोल्ट्री फार्म चलाते हैं। इम्तियाज ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर उन्होंने अपने कर्मचारी राजापुरवा निवासी रज्जब अली को तीन लाख 42 हजार रुपये एचडीएफसी बैंक में जमा करने के लिए दिए थे।
बैंक जाने के लिए रज्जब राजाबाजार चौकी के पास ई-रिक्शा में बैठ गया। उसमें दो नकाबपोश महिलाएं भी बैठी थीं। रज्जब फोन पर बात करने लगा। इसी बीच महिलाओं ने चेन तोड़कर बैग से दो लाख 70 हजार रुपये चुरा लिए। बैंक से कुछ दूर पहले ही दोनों महिलाएं ई-रिक्शा से उतरकर चली गईं। इसी बीच रज्जब ने चेन टूटी देख बैग खोलकर देखा तो उसमें से दो लाख 70 हजार रुपये गायब थे। पोल्ट्री फार्म के संचालक इम्तियाज अली ने कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाल हेमंत कुमार गौड़ ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध लग रही है। छानबीन की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।