नानपारा (बहराइच)। कोतवाली क्षेत्र के जूडा गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने दहेज न देने पाने के कारण पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के पतरहिया गांव निवासी तीरथराम ने अपनी बेटी कुषुमा (27) का विवाह इसी कोतवाली क्षेत्र के जूड़ा गांव निवासी राममिलन के पुत्र मनीष के साथ किया था। आरोप है कि विवाह के कुछ महीने बाद ही ससुरालीजन दहेज में बाइक की मांग करने लगे थे। मांग न पूरी होने पर विवाहिता को मारते-पीटते थे।
आरोप है कि शनिवार की शाम को भी दहेज की मांग को लेकर घर में विवाद हुआ। जिसके बाद पति समेत अन्य लोगों ने मिलकर विवाहिता की पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नानपारा कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि विवाहिता के भाई राम कुमार की तहरीर पर पति मनीष, देवर संतोष, बन्नेलाल व सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर किया गया है। जांच की जा रही है।