बहराइच। फखरपुर थाना क्षेत्र निवासी नवविवाहिता की रविवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौत की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बंडिहवा निवासी पूजा यादव (20) की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची मृतका की मां जगराना ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पयागपुर के नौवागांव निवासी जगराना ने आरोप लगाते हुए बताया कि पूजा का विवाह 17 फरवरी 2024 को दीपक यादव के साथ किया था। विवाह के बाद से ही दीपक बाइक के लिए पूजा को मारता पीटता था। आरोप है कि शनिवार को भी उसने पूजा के साथ मारपीट की थी। रविवार को फोन कर पूजा की मौत की सूचना दी। जगराना ने आरोप लगाया कि पूजा के चेहरे पर चोट के निशान थे, जो पीट-पीट कर हत्या करने की ओर इशारा करते हैं। थाना प्रभारी करुणाकर पांडेय ने बताया कि मायके पक्ष के आरोपों की जांच के लिए पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ससुराल पक्ष के लोग बीमारी से मौत होने की बात कह रहे हैं।