बहराइच। शहर में बढ़ते अपराधों पर अंकुश नहीं लगा पाने के कारण पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा को शासन ने हटा दिया है।
एमएलसी चुनाव से पहले किए गए फेरबदल में औरैया के एसपी मनोज तिवारी को बहराइच का नया एसपी बनाया गया है। इसके अलावा एएसपी ग्रामीण का भी तबादला कर दिया गया है।
पंचायत चुनाव के दौरान सितंबर में शासन ने फेरबदल करते हुए पुलिस अधीक्षक नेहा पांडेय को जीआरपी में भेजते हुए प्रोन्नत आईपीएस सालिकराम वर्मा को बहराइच का पुलिस अधीक्षक बनाया था।
लगभग पांच माह के कार्यकाल में पंचायत चुनाव को सकुशल निपटाने का ताज एसपी सालिकराम वर्मा के सिर सजा लेकिन पंचायत चुनाव निपटाने के चक्कर में पुलिस अपराधों पर अंकुश लगा पाने में नाकाम साबित हुई। इसका खामियाजा एसपी सालिकराम वर्मा को भुगतना पड़ा।
शासन ने एमएलसी चुनाव से ठीक पहले फेरबदल करते हुए वर्ष 2003 बैच के मणिपुर कैडर के आईपीएस व औरैया के पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी को बहराइच जनपद का नया पुलिस अधीक्षक बनाया है।
जबकि एसपी सालिकराम वर्मा को मुरादाबाद में इंटेलीजेंस का एसपी बनाया है। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद भूषण पांडेय का स्थानांतरण एसपी मानवाधिकार के रूप में प्रदेश मुख्यालय भेजा गया है।
उनकी जगह 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा के उप सेनानायक देवेंद्र नाथ को नया एएसपी ग्रामीण तैनात किया है।