तुलसीपुर (श्रावस्ती)। ककंधू के मजरा खंभारा में शुक्रवार रात बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया। बंदूक के बल पर परिवार को बंधक बनाकर बदमाश घर में रखा नगदी, जेवर, बर्तन सहित अन्य सामान उठा ले गए। परिजनों की सूचना पर पुलिस को आता देख बदमाश हथगोला व बंदूक से फायर करते हुए फरार हो गए। सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम ककन्धू के मजरा खंभारा निवासी रामप्रसाद मौर्य की पुत्री का विवाह तय है। जिसकी आज रविवार को बारात आनी है। बेटी के विवाह के लिए राम प्रसाद ने सभी तैयारियों पूरी कर रखीं थीं। वहीं परिवार के लोग बरात के स्वागत की तैयारी में लगे थे। शुक्रवार रात करीब 12 बजे 10 से 12 की संख्या में पहुंचे लुटेरे घर में घुस आए। उन्होंने घर के अंदर सो रही निर्मला देवी को बंधक बना लिया।
इसके बाद उसके सिर पर चोट कर निर्मला देवी को बेहोश कर दिया। वहीं बगल में सो रही उसकी चचेरी बहू को भी बंदूक के बल पर बंधक बना लिया। उसके मुंह में कपड़ा ठूंस कर कमरे में रखे बक्से से डेढ़ लाख रुपए नगदी, लड़की की शादी के लिए लाए 50 हजार रुपए के जेवर, 25 हजार के बर्तन, 10 हजार के कपड़े उठा लिया। गांव के लोगों ने डायल 112 पर फोन कर दिया।
पीआरवी वाहन को आता देख लुटेरे हथगोले फेंकते व फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। सोनवा पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं परिवार को बेटी का हाथ कैसे पीला हो उसकी चिंता सताने लगी है।