बहराइच। जिले के 1,084 परिषदीय स्कूलों में सितंबर माह में 60 प्रतिशत से कम छात्रों की उपस्थिति मिली है। इस पर शासन के निर्देश पर बीएसए ने जिले के सभी खंड शिक्षाधिकारियों (बीईओ) को बुधवार को नोटिस भेजा है। इसमें स्पष्ट करते हुए कहा है कि तीन दिन के भीतर सभी बीईओ कम उपस्थिति का कराण बताएं। साथ ही विद्यालयों में 70 प्रतिशत छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में 2,803 परिषदीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इसमें 1084 विद्यालय ऐसे हैं जहां 60 प्रतिशत से कम छात्र उपस्थिति पाई गई है। इसका प्रदेश स्तर सितंबर माह में पोर्टल पर जिला स्तरीय समीक्षा में बहराइच को ''ई'' रैंक मिली है।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने बीएसए को निर्देश दिया है कि परिषदीय विद्यालयों की छात्र उपस्थिति 70 प्रतिशत कराएं। इससे कम उपस्थिति वाले विद्यालयों पर कार्रवाई करें। सीडीओ ने निर्देश दिया कि विद्यालय में पंजीकृत बच्चे जो प्राइवेट स्कूल में पढ़ते हैं उन्हें अलग करें। शिक्षक, रसोइयां विद्यालय न आने वाले बच्चों के घर पहुंचकर उन्हें विद्यालय लाएं। जिले की रैंक संतोषजनक न होने पर सभी बीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।