बिछिया। निशानगाड़ा रेंज के मटेही ग्राम पंचायत स्थित राना फार्म कांटे के पास बुधवार रात करीब आठ बजे घर से निकली 15 वर्षीय अर्चना पर तेंदुआ झपट पड़ा। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े। ग्रामीणों की सूचना पर करीब 50 मीटर दूर गश्त कर रहे वन रक्षक अब्दुल सलाम व वाचर टीम पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई। टीम ने गोला-पटाखा दागकर तेंदुए को जंगल की ओर खदेड़ दिया। इससे किशोरी की जान बच गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए मौके पर पिंजड़ा लगाने और रात में रोशनी की व्यवस्था कराने की मांग की है। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर न जाने की सलाह दी है।