घायल वहाजुद्दीन का इलाज करते चिकित्सक। -संवाद
बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के बिछिया-अंबा मार्ग पर शनिवार शाम करीब पांच बजे तेंदुए ने चलती बाइक पर झपट्टा मार दिया। हमले में बाइक सवार आठ वर्षीय वहाजुद्दीन घायल हो गया।बिछिया निवासी सफीउद्दीन खान अपने बेटे वहाजुद्दीन के साथ बाइक से अंबा गांव जा रहे थे। उसी दौरान पीछे से तेंदुआ बाइक पर कूद पड़ा। उसके पंजे से बच्चे के पैर में जख्म हो गया। सफीउद्दीन ने बाइक रोककर शोर मचाया तो तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घायल बच्चे को सुजौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार किया। वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि बिछिया वन बैरियर पर वनकर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है। राहगीरों को सतर्क किया जा रहा है। घटना से क्षेत्र में दहशत है।