फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: गांव में घुसे तेंदुए ने 10 को किया घायल

Thu, 06 Apr 2023 10:59 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
मिहींपुरवा(बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के सदर बीट में बृहस्पतिवार सुबह एक तेंदुए ने महिला समेत 10 लोगों को घायल कर दिया। वहीं ग्रामीणों के हांका लगाने पर एक झोपड़ी में घुस गया। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों व पुलिस ने झोपड़ी की घेराबंदी की और कड़ी मशक्कत कर लगभग सात घंटे बाद तेंदुए को बेहोश कर उस पर काबू पाया। तेंदुए को पकड़ने के लिए वनटीम ने हथिनी जयमाला व चंपाकली को भी मौके पर बुलाया। पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गांव में भारी भीड़ जमा रही। वहीं डीएफओ आकाशदीप बधावन समेत आला अधिकारी मौके पर कैंप करते रहे। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में बीते कुछ दिनो में तेजी से तेंदुए के हमले बढ़े हैं जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बृहस्पतिवार को शौच को निकली सदर रेंज के ग्राम पंचायत चहलवा के मजरा मंगलपुरवा निवासी रीता देवी(35) को तेंदुए ने निशान बनाया। तेंदुआ खेत में बकरी पर हमला कर रहा था, इसी दौरान रीता के पहुंचने पर वह उस पर हमलावर हो गया। रीता के शोर मचाने पर ग्रामीण हांका लगाते हुए मौके पर पहुंचे तो तेंदुए ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में ग्रामीण संजय कुमार(28), लाल बहादुर(38), संतोष कुमार(26) व सहदेव समेत 10 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल रीता, संजय, लाल बहादुर, संतोष व सहदेव को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोतीपुर में भर्ती करवाया गया। रीता की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर दिया। वहीं पांच ग्रामीणों को हल्की खरोचें आई थी, जिन्होंने गांव में ही मरहम पट्टी करवा ली।
विज्ञापन


गांव में बने फूस के मकान में घुस गया तेंदुआ
ग्रामीणों पर हमले के बाद तेंदुआ तेजी से गांव की ओर भागा और ग्रामीण हांका लगाते हुए उसके पीछे दौड़े। इस दौरान तेंदुआ ग्रामीण राज मंगल की झोपड़ी में घुस गया। गनीमत रही, कि उस दौरान झोपड़ी में कोई मौजूद नहीं था। ग्रामीणों ने झोपड़ी के दरवाजे पर तख्त रखकर उसका दरवाजा बंद कर दिया और बाहर से हांका लगाने लगे। वहीं तेंदुए के झोपड़ी में घुसने की सूचना पर हजारों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। इसकी सूचना वन विभाग व पुलिस को दी गयी।
इनसेट-
छावनी में बदला गांव, झोपड़ी को जाल से ढका
तेंदुए के घर में घुसने की सूचना पर सुजौली पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए को पकड़ने की कवायद शुरु की गयी। वन टीम ने पूरी झोपड़ी को चारों तरफ से जाल से ढक दिया। वहीं तेंदुआ उछाल मारकर झोपड़ी के ऊपर से बाहर न निकल जाए, इसके लिए वन कर्मियों ने झोपड़ी के छप्पर को भी जाल से ढक दिया। तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए मौके पर जयमाला व चंपाकली हथिनी को भी बुलाया गया।
विज्ञापन

सात घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तेंदुए को किया गया बेहोश
हजारों ग्रामीणों की भीड़ के बीच तेंदुए को रेस्क्यू करने का ऑपरेशन लगभग सात घंटे तक चला। डीएफओ आकाशदीप बधावन की मौजूदगी में रैपिड रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर बेहोश किया जिसके बाद वन टीम झोपड़ी में दाखिल हुई और तेंदुए को बाहर लाकर पिंजड़े में कैद किया। वहीं टीम तेंदुए की सेहत जांचने के लिए उसे अपने साथ कतर्नियाघाट वन्यरेंज ले गयी। तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद उसे घने जंगलों में छोड़ दिया जाएगा।
ग्रामीणों पर हमला करने के बाद तेंदुआ एक ग्रामीण के घर में छिप गया था जिसे ट्रेकुलाइज कर पकड़ लिया गया है। तेंदुए की स्वास्थ्य जांच के बाद उसे ट्रांस गेरुआ क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।
विज्ञापन

आकाशदीप बधावन, डीएफओ

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें