निशानगाड़ा रेंज के राणा फॉर्म मटेहरी में सीसीटीवी में दिखा तेंदुआ।
बिछिया। निशानगाड़ा रेंज के राणा फार्म मटेही गांव में सोमवार देर रात तेंदुए की गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। फुटेज में तेंदुआ गन्ने के खेत से निकलकर खड़ंजा मार्ग पर पहुंचता और सड़क पार कर एक घर की ओर जाता दिख रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से ग्रामीणों में दहशत है। फुटेज किसान मलकीत सिंह चीमा के फार्म हाउस के बाहर लगे कैमरे का बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में कई दिनों से रात के समय तेंदुए की चहलकदमी देखी जा रही है। इससे बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से रात्रि गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। रेंजर शिव प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलने पर वन टीम को अलर्ट कर निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को गोष्ठी कर तेंदुए से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।