बहराइच के बख्शीपुरा में गोली के हमले में घायल अधिवक्ता।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। शहर के मोहल्ला बख्शीपुरा निवासी एक अधिवक्ता को चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने बुधवार की देर रात गोली मार दी। जिससे अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने आननफानन घायल अधिवक्ता को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है।
थाना दरगाह अंतर्गत मोहल्ला बख्शीपुरा नई बस्ती निवासी अधिवक्ता अशोक कुमार मिश्र बुधवार की रात परिजनों समेत घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात लगभग ढाई बजे उनकी पत्नी को बाहर से कुछ आवाजें सुनाई दीं। उन्होंने इसकी जानकारी अपने पति को दी। इस पर अधिवक्ता अशोक लाठी लेकर घर से बाहर निकले। उन्होंने देखा कि कुछ लोग बगल के घर में झांक रहे हैं। अशोक ने उन लोगों से घर में झांकने का कारण पूछा।
उनके सवाल करने से गुस्साए बदमाशों ने अधिवक्ता पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली सीधे अधिवक्ता के सीने में लगी और वह वहीं पर गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। परिजनों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल अधिवक्ता को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्रारंभिक इलाज के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। अधिवक्ता के पुत्र अभिषेक मिश्र ने बताया कि बदमाश बगल के घर में चोरी की फिराक में थे। जिसका विरोध करने पर उन्होंने पापा को गोली मार दी। बदमाशों की इस दुस्साहसिक वारदात से लोगों में दहशत है।
तीन टीमें गठित, शीघ्र होगी गिरफ्तारी
प्रथम दृष्टया चोरी करने के प्रयास का विरोध करने पर फायरिंग करने का मामला लग रहा है। पड़ोसी के घर का कुछ सामान भी बिखरा मिला है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। शीघ्र ही सभी की गिरफ्तारी की जाएगी। मैं स्वयं पूरे प्रकरण पर नजरें जमाए हूं। -जंगबहादुर यादव, नगर क्षेत्राधिकारी।