विशेश्वरगंज(बहराइच)। थाना क्षेत्र के इकौना रोड स्थित एक बीयर की दुकान में रविवार की रात चोरों ने धावा बोला। दुकान के पीछे से सेंध काटकर दुकान में दाखिल हुए चोरों ने दुकान में रखी एक लाख से अधिक नकदी और दो पेटी बीयर गायब कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के इकौना मार्ग पर बेनीपुरवा गांव के पास नीरज श्रीवास्तव की बीयर की दुकान है। रविवार की रात दुकान पर कार्यरत कर्मी 10 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। इसी दौरान देर रात चोर दुकान में पीछे से सेंध काट कर दुकान में दाखिल हुए। चोरों ने दुकान में रखी एक लाख से अधिक की नगदी और दो पेटी बीयर पर हाथ साफ कर दिया।
यही नहीं चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया और सीसीटीवी का डीवीआर उठा ले गए। सोमवार की सुबह जब कर्मी दुकान खोलने पहुंचा तो चोरी की जानकारी हुई। दुकान मालिक नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि थाने पर तहरीर दी गई है। विशेश्वरगंज थाना प्रभारी अनुज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।