बहराइच। दो साल पहले घर से बैंक जाने के लिए टैंपो से निकली महिला आज तक अपने घर नहीं पहुंची। मामले में पीड़ित युवक पुलिस की चौखटों पर नाक रगड़ता रहा, लेकिन पुलिस ने उसकी एक न सुनी। जिसके बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के बाद हरदी पुलिस ने मामले में चार नामजदों पर अपहरण व लूट का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रमपुरवा के मजरा सिटकिहवा निवासी दुखहरन ने न्यायालय पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि दो साल पहले बैंक के लिए निकली उनकी पत्नी उर्मिला (38) आज तक घर नहीं पहुंची है। उर्मिला 30 हजार रुपये जमा करने गई थी। उन्होंने स्वयं गांव के रहने वाले टेंपो चालक मजनू के टेंपों में पत्नी को बैठाया था, जिसके बाद पत्नी शाम तक घर नहीं पहुंची। इस संबंध में जब शाम को मजनू से जानकारी ली गई तो वह हीलाहवाली करने लगा। इस संबंध में हरदी थाने पर तहरीर दी गई, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
दुखहरन ने आरोप लगाया कि मजनू ने अपने रिश्तेदारों पंचम, गुन्नू व ध्रुव निवासी बाराबंकी के साथ मिलकर उनकी पत्नी के पैसे छीन कर उसे गायब कर दिया। अधिवक्ता राजेश सिंह ने बताया कि पीड़ित का प्रकरण न्यायालय के समक्ष रखा गया। जिस पर न्यायालय के आदेश पर हरदी पुलिस ने दो साल बाद अपहरण व लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।